अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों व इनामी जमीन धारकों को 50 हजार प्रति हेक्टेयर मुआवजा देने की AIMIM की मांग
औसा (प्रतिनिधि) :
औसा तहसील के किसानों को अतिवृष्टि से हुए भारी नुकसान की भरपाई तुरंत दी जाए, ऐसी मांग ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की ओर से की गई है।
एआईएमआईएम के औसा प्रमुख सय्यद मुज़फ्फर अली इनामदार ने लातूर के पालकमंत्री को सौंपे गए निवेदन में कहा कि 11 मई से लगातार हो रही बारिश के कारण मराठवाड़ा क्षेत्र में किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं, नदियों और नालों के उफान से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि किसानों के घर-गृहस्थी चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में इनामदार ने मांग की है कि सरकार तुरंत पंचनामा करवाकर प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा दे।
इसके साथ ही इनामदार ने विशेष रूप से यह भी मांग रखी है कि इनामी जमीन पर खेती करने वाले किसानों को भी नुकसान भरपाई दी जाए। निवेदन में कहा गया है कि इनामी जमीन धारकों के नाम सरकारी योजनाओं में दर्ज नहीं होने से उन्हें कोई लाभ नहीं मिल पाता। ऐसे किसानों को भी शासन की योजनाओं से जोड़कर मुआवजा और सुविधा दी जानी चाहिए।
साथ ही, मुआवजा मिलने तक किसानों को सरकारी योजनाओं के तहत 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की भी मांग निवेदन में की गई है।
एआईएमआईएम की इस मांग से किसानों और इनामी जमीन धारकों में उम्मीद जगी है और अब सभी की नजरें सरकार पर टिकी हैं कि वह किसानों को कब राहत देती है


0 Comments