मरहूम ज़हूर क़ासिमसाब(जे.के.) बागवान-एक नेकदिल और दिलदार शख्सियत

 मरहूम ज़हूर क़ासिमसाब(जे.के.) बागवान-एक नेकदिल और दिलदार शख्सियत



     कुछ लोग इस दुनिया से रुख़सत तो हो जाते हैं,मगर अपनी मोहब्बत,अपने अच्छे अख़लाक़ और अपने किरदार की ऐसी छाप छोड़ जाते हैं, जो ताउम्र लोगों के दिलों में ज़िंदा रहती है.मरहूम ज़हूर क़ासिमसाब बागवान उन्हीं खुशनसीब लोगों में से एक थे,जिन्होंने अपनी ज़िंदगी में रिश्तों को अहमियत दी,लोगों के साथ अपनापन कायम रखा और अपनी शख्सियत से हर किसी को प्रभावित किया.4 ऑक्टोबर को उनका इस दुनिया से रुख़सत हो जाना यक़ीनन उनके चाहने वालों और जानने वालों के लिए एक गहरा सदमा है.ज़हूर चाचा एक हरफनमौला, नेकदिल,मिलनसार और शानदार शख्सियत के मालिक थे.उनकी सबसे बड़ी खूबी यह थी कि वे जिस किसी से भी मिलते,उसके साथ अपनेपन और मोहब्बत से पेश आते.उनके स्वभाव में न कोई बनावट थी,न कोई दिखावा.दोस्तों,अहबाब और रिश्तेदारों के साथ मिल-जुलकर रहना,हर किसी के सुख-दुख में शरीक होना और अपनेपन का रिश्ता बनाए रखना उनकी फितरत में शामिल था.अपने कारोबार के मामले में भी उनका व्यवहार काबिले-तारीफ था.उनके यहां काम करने वाले नौकरों के साथ उनका सुलूक बेहद अच्छा रहता था.वे केवल उनसे काम नहीं लेते थे,बल्कि उनकी जरूरतों का ख्याल रखते,मुश्किल वक्त में उनकी मदद करते और उन्हें अपनेपन का एहसास दिलाते थे.यह उनकी नेकदिली और ऊंचे किरदार की एक खास पहचान थी.क्योंकि इंसान की असलियत उसके ओहदे या दौलत से नहीं,बल्कि इस बात से पहचानी जाती है कि वह अपने से कमजोर और अपने लिए काम करने वाले लोगों के साथ कैसा व्यवहार करता है.

     ज़हूर चाचा की अपनी एक अलग ही शख्सियत थी.उनका रहन-सहन, पहनावा और अंदाज देखते ही बनता था.हमेशा टिपटॉप कपड़े,उम्दा अत्तर की खुशबू, आंखों में सुरमा और पान खाने का उनका खास शौक! उनका यह अंदाज उन्हें भीड़ से अलग पहचान देता था.ऐसा लगता था जैसे किसी फिल्मी सितारे या किसी बड़े राजनेता की तरह उनकी अपनी एक खास स्टाइल और शान हो.उनकी मौजूदगी में एक अलग ही रौनक महसूस होती थी.उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि एक बार मिलने वाला इंसान उन्हें आसानी से भूल नहीं सकता था.अपने परिवार से भी उन्हें बेइंतहा मोहब्बत थी.अपने तीनों बेटों और पोतों के लिए उनके दिल में खास जगह थी.खास तौर पर बड़े बेटे सैफुल्लाह भाई से उन्हें बहुत लगाव था.मेरा भी उनसे स्कूल के सिलसिले में अक्सर मिलना-जुलना होता रहता था.सुबह जब वे अपने पोतों म.तकी और म.तल्हा को स्कूल छोड़ने आते,तो उनसे सलाम-दुआ हो जाती थी.आमतौर पर हमारी बातचीत हालचाल पूछने और कुछ चंद औपचारिक बातों तक ही सीमित रहती थी.मगर सितंबर महीने के तीसरे सप्ताह की एक मुलाकात आज भी मेरे जेहन में ताजा है.उस दिन जब ज़हूर चाचा बच्चों को स्कूल छोड़ने आए,तो उन्होंने मुझसे एक ऐसी बात कही,जो आज भी बार-बार याद आती है.उन्होंने बड़े अपनेपन के साथ कहा था,'सर,इन्हें पढ़ाओ,बहुत पढ़ाओ.इन्हें अच्छा इंसान बनाओ और जिंदगी में कुछ बड़ा बनाओ.' उनके ये अल्फाज सुनकर उस वक्त मुझे शायद उतनी गहराई से एहसास नहीं हुआ था,जितना आज उनके जाने के बाद महसूस हो रहा है.क्योंकि इससे पहले हमारी मुलाकातों में कभी उन्होंने बच्चों की पढ़ाई को लेकर इस तरह तफसील से बात नहीं की थी.लेकिन उस दिन उनकी आवाज में बच्चों के मुस्तकबिल की फिक्र,उनके बेहतर कल का सपना और उन्हें कामयाब देखने की ख्वाहिश साफ झलक रही थी.आज जब उन लम्हों को याद करता हूं,तो दिल सोचने पर मजबूर हो जाता है कि शायद उन्हें अपने पोतों के मुस्तकबिल की कितनी फिक्र थी.एक दादा की अपने पोतों के लिए यह ख्वाहिश,एक जिम्मेदार परिवार के बुजुर्ग की सोच और आने वाली नस्ल को बेहतर इंसान बनाने का उनका जज्बा काबिले-तारीफ था.

     बेशक,जिंदगी और मौत का फैसला अल्लाह तआला के हाथ में है.कौन कब इस दुनिया से रुख़सत होगा, यह कोई नहीं जानता.मगर कुछ मुलाकातें,कुछ बातें और कुछ अल्फाज ऐसे होते हैं,जो इंसान के जाने के बाद भी दिल और दिमाग में हमेशा के लिए जगह बना लेते हैं.ज़हूर चाचा की कही हुई वह बात भी मेरे लिए ऐसी ही एक यादगार अमानत है.हकीकत तो यह है कि जब कोई दिलदार,मिलनसार और लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाने वाला इंसान हमसे बिछड़ जाता है,तो उसकी कमी सिर्फ उसके घरवालों को ही नहीं,बल्कि उससे जुड़े हर उस शख्स को महसूस होती है,जिसने कभी उसकी मोहब्बत,अपनापन और अच्छे व्यवहार का अनुभव किया हो.ज़हूर चाचा आज हमारे बीच नहीं हैं,लेकिन उनका अंदाज,उनकी मुस्कुराहट, उनका अपनापन और बच्चों के मुस्तकबिल को लेकर कही गई उनकी बात हमेशा याद रहेगी.

     अल्लाह तआला मरहूम ज़हूर क़ासिमसाब बागवान की मगफिरत फरमाए,उनकी कब्र को नूर से भर दे,उनकी तमाम नेकियों को कबूल फरमाए और उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला से आला मकाम अता फरमाए...आमीन या रब्बुल आलमीन.


खिराज-ए-अकीदत

ॲड.इकबाल रसूलसाब शेख

औसा /मो.9545253786

Post a Comment

0 Comments